
दिल्ली: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 80वीं जयंती पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वीर भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सुबह से बारिश के चलते राहुल गांधी को भी अपने पिता के समाधि स्थल पहुंचने में थोड़ी परेशानी हुई।
सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर राहुल गांधी ने कहा- “एक करुणामय व्यक्तित्व, सौहार्द और सद्भावना के प्रतीक…पापा, आपकी सीख मेरी प्रेरणा है, और भारत के लिए आपके सपने मेरे अपने-आपकी यादें साथ ले कर इन्हें पूरा करूंगा”।
राहुल गांधी के साथ राबर्ट वाड्रा, उनके सुपुत्र और बाकी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पूर्व पीएम को उनकी जयंती पर नमन किया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने वीर भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोशल मीडिया X पर खरगे ने कहा- “आज देश सद्भावना दिवस मना रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री, राजीव गाँधी, भारत के महान सपूत थे। उन्होंने करोड़ों भारतीयों में आशा की किरण जगाई और अपने अभूतपूर्व योगदान से भारत को 21वीं सदी में पहुँचा दिया”।
साथ ही खरगे ने कहा-“मतदान की आयु घटाकर 18 वर्ष करना, पंचायती राज को मजबूत करना, दूरसंचार और आईटी क्रांति, कम्प्यूटरीकरण कार्यक्रम, निरंतर शांति समझौते, महिला सशक्तिकरण, सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम और समावेशी शिक्षा पर जोर देने वाली नई शिक्षा नीति जैसे उनके कई सुखद क़दम देश में परिवर्तनकारी बदलाव लाए। हम भारत रत्न, राजीव गाँधी जी को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं”।
वहीं पीएम मोदी ने भी अपने एक्स हैंडल से राजीव गांधी को याद किया।
