विकास की आवाज या राजनीतिक चक्रव्यूह ?

संपादकीय – राजीव ओझा

आज धनबाद को नेताओं की आपसी लड़ाई से कहीं अधिक जरूरत है—रोजगार, विकास, कानून का राज, विस्थापितों के अधिकार और कोयला क्षेत्र से जुड़े आम लोगों के भविष्य की।

ऐसे में यदि धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो इन मुद्दों को लगातार राजनीतिक बहस के केंद्र में लाते हैं, तो लोकतंत्र में उनके सवालों का जवाब भी सवालों और तथ्यों के साथ दिया जाना चाहिए।

लेकिन समर्थकों की राजनीतिक धारणा यह है कि जब सांसद विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, तब उनके खिलाफ एक राजनीतिक चक्रव्यूह तैयार किया जा रहा है—जिसमें विरोध, आरोप और प्रचार के माध्यम से उनकी छवि को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।

यदि ऐसा कोई अभियान वास्तव में चल रहा है, तो सवाल गंभीर है—क्या मुद्दों का जवाब मुद्दों से देने के बजाय व्यक्ति की छवि पर हमला करना राजनीति का नया तरीका बन रहा है?

दूसरी ओर, यदि सांसद के खिलाफ कोई गंभीर आरोप हैं, तो उनका समाधान भी साफ है—प्रमाण सामने रखिए, जांच कराइए और जनता को सच बताइए।

क्योंकि लोकतंत्र में न तो किसी नेता को आरोपों से दोषी माना जा सकता है और न ही किसी नेता को आलोचना से मुक्त किया जा सकता है।

धनबाद की जनता को यह तय करने का अधिकार है कि चक्रव्यूह वास्तव में कौन रच रहा है, प्रचार के पीछे क्या सच है और विकास की लड़ाई में कौन कितना ईमानदार है।

अंततः राजनीति का फैसला नारों से नहीं, काम और प्रमाण से होगा। और यही ढुल्लू महतो के लिए भी सबसे बड़ी परीक्षा है—

अगर वे स्वयं को जनता, विकास और रोजगार की लड़ाई का प्रतिनिधि मानते हैं, तो उन्हें हर राजनीतिक चक्रव्यूह का जवाब जनता के बीच अपने काम से देना होगा।क्योंकि धनबाद में असली सवाल किसी एक नेता की जीत या हार नहीं जनता के भविष्य की जीत है ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *