रांची में निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, पत्नी के साथ CM हेमंत सोरेन हुए शामिल

रांची- झारखंड की राजधानी रांची में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। वहीं हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन और अपने बेटे के साथ रथ यात्रा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने बकायदा रथ भी खींचा।

ऐतिहासिक रथ यात्रा के मौके पर आयोजित पूजा-अनुष्ठान में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक राजेश कच्छप, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय एवं विनोद पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर ट्वीट कर लिखा- रांची में महाप्रभु की ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल होने का परम सौभाग्य मिला। जय जय जगन्नाथ स्वामी ! वहीं रथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। साथ ही रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।

 

वहीं सीएम हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी के साथ भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा -अर्चना कर राज्यवासियों की सुख- शांति, समृद्धि एवं उन्नति की कामना की। मुख्यमंत्री ने राज्य की समस्त जनता को रथ यात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने आस्था एवं भक्ति के समागम में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं के साथ जय जगन्नाथ के जयकारे लगाए और रथ की रस्सी को हाथ लगाकर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को मौसीबाड़ी के लिए आगे बढ़ाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *