हरियाणा में चुनावी बिगुल पर बोले सीएम नायब सिंह सैनी, 4 अक्टूबर को प्रदेश में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

हरियाणा में चुनाव का बिगुल बजते ही दावों का दौर भी शुरू हो गया है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने बड़ा दावा किया है।‌ सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा- “1 अक्टूबर 2024 को हरियाणा की जनता लोकतंत्र के महापर्व के लिए तैयार है। 1 अक्टूबर को जनता एक बार फिर पोलिंग बूथ पर जाकर कमल का बटन दबाएगी और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी। अक्टूबर 4 हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार”।

हरियाणा विधानसभा आम चुनाव की तिथि घोषित होने पर हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, “बहुत अच्छी बात है, 1 अक्टूबर को हरियाणा के चुनाव होंगे, उस समय बहुत अच्छा मौसम रहेगा, लोग बड़ी संख्या में निकल कर आएंगे। जहां तक हमारी पार्टी की बात है हमारी पार्टी पूरी तरह से तैयार है। हमने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी।”

इधर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, “आम आदमी पार्टी हरियाणा में चुनाव लड़ रही हैं, हमारे नेताओं भगवंत मान, संजय सिंह, सुनीता केजरीवाल की जनसभाएं चल रही हैं। भारी संख्या में लोग आ रहे हैं, अरविंद केजरीवाल हरियाणा के बेटे हैं इसलिए लोगों का उनसे जुड़ाव भी है, AAP पूरी ताकत के साथ हरियाणा का चुनाव लड़ेगी और जीतेगी”।

मंत्री आतिशी ने कहा- “गठबंधन होगा या नहीं इसका फैसला अरविंद केजरीवाल के बाहर आने के बाद ही होगा। हम सारी सीटों पर तैयारी कर रहे हैं… हमें खुशी है कि 10 साल बाद जम्मू-कश्मीर में चुनाव हो रहा है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *