राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मलावी के राष्ट्रपति से मुलाकात की, प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत का नेतृत्व किया

मलावी की अपनी यात्रा के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्टेट हाउस, लिलोंग्वे का दौरा किया, जहां मलावी गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. लाजारस मैकार्थी चकवेरा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने भारत-मलावी संबंधों को और गहरा करने के लिए कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा की।

राष्ट्रपति के समक्ष कला और संस्कृति, युवा कार्यक्रम, खेल और फार्मास्युटिकल सहयोग पर समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। वह भारत की ओर से मलावी को प्रतीकात्मक रुप से मानवीय सहायता के रूप में 1000 मीट्रिक टन चावल सौंपे जाने और मलावी को भाभाट्रॉन कैंसर उपचार मशीन सौंपे जाने की भी साक्षी बनीं। उन्होंने मलावी में एक स्थायी कृत्रिम अंग फिटमेंट सेंटर (जयपुर फुट) की स्थापना में भारत सरकार के समर्थन की भी घोषणा की।

इससे पहले आज सुबह, राष्ट्रपति ने लिलोंग्वे में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का दौरा किया और प्रथम व द्वितीय विश्व युद्ध तथा अन्य सैन्य अभियानों के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों और नागरिकों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने मलावी के पहले राष्ट्रपति डॉ. हेस्टिंग्स कामुज़ु बांडा के समाधि स्थल – कामुज़ु मक़बरे पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *