शिवराज सिंह ने विजयवाड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षत्रों का किया दौरा, कहा- कठिन समय में जनता के साथ खड़ी है केन्द्र सरकार

विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, दो दिवसीय आंध्र प्रदेश तेलंगाना के दौरे पर हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बुडामेरू, कैचमेंट और शहर में जलमग्न क्षेत्र, जक्कमपुडी मिल्क फैक्ट्री, कंद्रिका, अजीत सिंह नगर और अंबापुरम का हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए कृष्णा रिवर पर बने प्रकाशम बैराज डैम और खेतों का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा शिवराज सिंह चौहान ने यहां बाढ़ से प्रभावित आमजन और किसान भाई-बहनों से मुलाकात कर उनसे चर्चा की। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, स्थिति को सामान्य बनाने और पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार दिन-रात काम कर रही है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विजयवाड़ा के जक्कमपुडी पहुंचें और पानी में उतरकर स्थानीय लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहले लाइफ बोट पर सवार होकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और इस दौरान एनडीआरएफ की टीम और अधिकारियों से चर्चा करते हुए जलमग्न इलाकों की जानकारी ली। उसके बाद बोट छोड़कर पानी में उतर गए और स्थानीय लोगों से बात की। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, केंद्र सरकार बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार आंध्रप्रदेश एवं तेलंगाना के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जनता के साथ पूरी तरह खड़ी है और संकट से बाहर निकालने में उनकी हर संभव मदद कर रही है।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यहां पिछले 50 सालों में कभी ऐसी वर्षा नहीं हुई है, लेकिन मैं राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और सरकार की पूरी टीम को बधाई दूंगा कि, इतनी कठिन परिस्थितियों में अधिकारी-कर्मचारी और हमारे पॉलिटिकल लीडर्स दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि, जनता की सेवा ही हमारा संकल्प है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राज्य और केन्द्र सरकार की टीमें लगातार दौरा कर जायजा ले रही हैं। प्रभावित लोगों को शीघ्र से शीघ्र राहत मिले इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *