पटना: बिहार में युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका सामने आने वाला है। बिहार यूथ कांग्रेस के तत्वावधान में 19 जुलाई को पटना के ज्ञान भवन में एक मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 3,000 युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
78 कंपनियों ने दी हामी, लक्ष्य 125 तक पहुंचने का
इस जॉब फेयर में टाटा, विप्रो, हिंदुस्तान लीवर, रिलायंस रिटेल जैसी नामी कंपनियों के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है। अब तक 78 कंपनियां कंफर्म कर चुकी हैं, लेकिन आयोजकों का लक्ष्य 125 कंपनियों को इस फेयर में शामिल करने का है।
हर जिले में एनरोलमेंट कैंप, जल्द जारी होगा रजिस्ट्रेशन लिंक
युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर जिले में एनरोलमेंट कैंप लगाया जाएगा। जॉब फेयर के लिए दो दिन में रजिस्ट्रेशन लिंक जारी कर दिया जाएगा। इच्छुक युवा गूगल फॉर्म के ज़रिए आवेदन कर सकेंगे।
कंट्रोल रूम से होगी स्क्रूटनी, सुबह 9 से रात 8 तक चलेगा काम
एक 12 सदस्यीय कंट्रोल रूम टीम सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक कार्यरत रहेगी। टीम प्रत्येक आवेदनकर्ता के क्वालिफिकेशन और स्किल सेट के आधार पर स्क्रीनिंग करेगी ताकि कंपनियों को उपयुक्त उम्मीदवार उपलब्ध कराए जा सकें।
10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट तक को मिलेगा मौका
इस जॉब फेयर में 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट युवाओं के लिए रोजगार के अवसर होंगे। यूथ कांग्रेस का मानना है कि अगर एक राजनीतिक पार्टी का युवा संगठन 3,000 लोगों को रोजगार दे सकता है, तो सरकार भी थोड़े से प्रयास से 1 लाख नौकरियां दे सकती है।
दिल्ली, राजस्थान और हिमाचल में भी मिल चुका है शानदार रिस्पॉन्स
इससे पहले इसी तरह का जॉब फेयर दिल्ली, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में आयोजित किया गया था। राहुल गांधी के जन्मदिन पर दिल्ली में हुए आयोजन में 3,680 युवाओं को नौकरी मिली थी, जिसमें से 700 युवा बिहार के थे।
अबकी बार, बिहार में रोजगार की बहार!
बिहार के युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर है, खासकर उन लोगों के लिए जो निजी क्षेत्र में करियर की शुरुआत करना चाहते हैं। जॉब फेयर में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक और संपर्क नंबर जल्द ही जारी किया जाएगा।
