नई दिल्ली: ईरान में उत्पन्न तनावपूर्ण हालातों के बीच भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंधु के तहत एक विशेष फ्लाइट के जरिए 272 भारतीय और 3 नेपाली नागरिक कल देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लौटे। इसके साथ ही इस ऑपरेशन के तहत अब तक कुल 3,426 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया जा चुका है।
भारत सरकार और दूतावास का दिखा असरदार प्रबंधन
दिल्ली पहुंचने के बाद यात्रियों ने भारतीय मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार और दूतावास की प्रशंसा करते हुए संतोष और राहत जाहिर की। एक यात्री ने कहा: “मैं अपनी सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं। हमें किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। ईरानी और भारतीय दोनों सरकारों ने बहुत अच्छा व्यवहार किया।”
सीजफायर से पहले निकाला गया, स्थिति थी तनावपूर्ण
एक अन्य भारतीय नागरिक ने बताया: “बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। हम भारतीय दूतावास और सरकार के बहुत शुक्रगुजार हैं। अभी तो सीजफायर हो गया है लेकिन अगर तनाव बढ़ जाता, तो वहां से निकलना बेहद मुश्किल हो जाता।”
वहीं, सौरभ नामक एक और भारतीय नागरिक ने कहा: “अभी ईरान की स्थिति सामान्य है, लेकिन कुछ दिन पहले हालात बेहद खतरनाक थे। भारतीय दूतावास ने बेहतरीन काम किया और हम सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।”
ऑपरेशन सिंधु बना भरोसे का प्रतीक
विदेश मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के समन्वय से चल रहे इस ऑपरेशन के तहत दर्जनों रेस्क्यू फ्लाइट्स अब तक संचालित की जा चुकी हैं। यह ऑपरेशन भारत की संकट के समय नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बन चुका है।
सरकार ने फिर निभाया “नो सिटिजन लेफ्ट बिहाइंड” का वादा
ऑपरेशन सिंधु एक बार फिर यह साबित करता है कि भारत सरकार अपने नागरिकों को संकट की घड़ी में कभी अकेला नहीं छोड़ती। विदेशों में रह रहे भारतीयों के लिए यह एक भरोसे की मिसाल बन गया है।
